नयी दिल्ली, 08 मई (वार्ता) चुनाव आयोग ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों और उपचुनावों से संबंधित इंडेक्स कार्ड तथा आंकड़े जारी किये है।
इन रिपोर्टों में मतदाताओं, प्रत्याशियों, मतदान प्रतिशत, दलवार और प्रत्याशीवार मतों सहित चुनाव संबंधी विभिन्न आंकड़ें शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को यहां एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए बताया कि छह मई 2026 को संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों और आठ सीटों पर हुए उपचुनावों के तहत मतदान वाले सभी 830 विधानसभा क्षेत्रों के इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट रिकॉर्ड 72 घंटे के भीतर सार्वजनिक किये गये हैं। हालांकि पश्चिम बंगाल की 144-फाल्टा विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान 21 मई को निर्धारित है।
विज्ञप्ति के अनुसार, ईसीआईनेट शुरू होने से पहले इन आंकड़ों को संकलित और प्रकाशित करने में कई सप्ताह से लेकर महीनों तक का समय लग जाता था, क्योंकि पूरी प्रक्रिया मैनुअल तरीके से होती थी। आयोग ने बताया कि पिछले एक वर्ष में चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए 30 से अधिक पहल की गई हैं, जिनमें इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट का त्वरित डिजिटलीकरण और प्रकाशन भी शामिल है।
आयोग ने बताया कि इंडेक्स कार्ड ईसीआईनेट ऐप के ‘अबाउट इलेक्शंस’ टैब और चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसके साथ ही पहली बार 14 विस्तृत सांख्यिकीय रिपोर्ट भी चुनाव नतीजे घोषित होने के 72 घंटे के भीतर जारी की गई हैं।
इन रिपोर्टों में राज्यवार एवं विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्रों का विवरण, मतदान प्रतिशत, महिला एवं पुरुष मतदाताओं की भागीदारी, दलवार मत प्रतिशत तथा निर्वाचन क्षेत्रवार विस्तृत चुनाव परिणाम जैसी जानकारियां शामिल हैं।
आयोग ने कहा कि यह पहल चुनावी आंकड़ों को शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और आम जनता के लिए अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से की गई है।
