
पांढुरना। संदीपनी स्कूल में अन्य निजी तथा शासकीय स्कूलों में पढ़ने के इच्छुक छात्रों द्वारा दिए गए आवेदनों की जांच उपरांत बुधवार को चयनित छात्रों की सूची स्कूल के सूचना बोर्ड पर चस्पा कर दी है,जिसमें अपना नाम देख छात्र खुशी से झूम उठे,अब इस संदीपनी स्कूल में कक्षा 9 वी में कुल 231 तो वहीं कक्षा 11 वी के विभिन्न संकाय में कुल 373 छात्र पढ़ाई करेंगे ।
गौरतलब हो कि नगर जिला मुख्यालय की एकमात्र शासकीय संदीपनी स्कूल में अन्य निजी तथा शासकीय स्कूल में पढ़ाई के इच्छुक छात्रों द्वारा स्कूल प्रबंधक से निवेदन किया गया था,लेकिन स्कूल में सीट नहीं होने की बात कहते हुए किसी भी अन्य शासकीय या निजी स्कूलों के छात्रों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा था,इस बात से आहत छात्रों द्वारा जिला कलेक्टर से गुहार लगाने पर जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा संदीपनी स्कूल के शिक्षकों के साथ ही विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्था बनाने के दिए गए निर्देशों के बाद 24 अप्रैल से 28 मई तक इच्छुक छात्रों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
50 छात्रों को 9 वी में मिला प्रवेश
इन प्राप्त आवेदनों की जांच उपरांत मेरिट सूची के आधार पर बुधवार को चयनित छात्रों की सूची जारी की गई,विभागीय सूत्रों की मानें तो संदीपनी स्कूल में कक्षा 9 वी की पांच कक्षाएं संचालित होती है,जिसमें 9 ए में 11,बी में 20,सी में 02 डी में 09 तथा ई में 08 इस प्रकार कुल 50 अन्य स्कूलों के छात्रों को प्रवेश दिया गया है,जिससे अब सांदीपनी स्कूल की कक्षा 9 वी पांच कक्षाओं में कुल 231 छात्र अध्यायन करेंगे ।
11 वी में कुल 373 छात्र करेंगे पढ़ाई
इसी प्रकार कक्षा 11 वी के आर्ट,एग्रीकल्चर एवं कॉमर्स हिंदी के अन्य स्कूलों के पांच-पांच छात्रों को प्रवेश दिया गया है,वहीं गणित संकाय हिंदी में अन्य स्कूलों के 21 तथा इंग्लिश में अन्य स्कूलों के 10 इसी प्रकार बायोलॉजी संकाय हिंदी में 23 तथा इंग्लिश में 20 अन्य स्कूलों के छात्रों को प्रवेश दिया गया है। इस प्रकार अब कक्षा 11 के विभिन्न संकाय के कुल 373 छात्र अध्ययन करेंगे।
छात्रों,अभिभावकों ने माना कलेक्टर का आभार
बुधवार को स्कूल प्रबंधक द्वारा चयनित छात्रों की सूची स्कूल के सूचना बोर्ड पर चस्पा करने के बाद उसमें अपना नाम देख संदीपनी स्कूल में प्रवेश मिलने से छात्र खुशी से झूम उठे,इन चयनित छात्रों तथा इनके अभिभावकों द्वारा जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ का आभार माना है।
