सिंगरौली:गरबा महोत्सव के आयोजन स्थल को लेकर चल रहा असमंजस अब राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद समाप्त होने की चर्चा है।विधायक रामनिवास शाह ने स्पष्ट किया है कि गरबा एवं जगराता महोत्सव का आयोजन राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम, बैढ़न में ही होगा। आयोजन समिति द्वारा अनुमति के लिए आवेदन दिए जाने के बावजूद मंजूरी नहीं मिलने पर विधायक ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने जिला प्रशासन और ननि आयुक्त को आयोजन के संबंध में अवगत कराते हुए अनुमति प्रक्रिया में अनावश्यक बाधा नहीं डालने की बात कही है। विधायक अपनी धर्मपत्नी सीता शाह के साथ गरबा पूर्वाभ्यास में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। राधा कृष्णा फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
अनुमति नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
बताया जाता है कि आयोजन समिति ने स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन के समक्ष आवेदन दिया था, लेकिन अनुमति नहीं मिल पा रही थी। इस स्थिति पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। उनके हस्तक्षेप के बाद अब आयोजन की अनुमति मिलने की संभावनाएं बढ़ गई हैं, हालांकि आधिकारिक मंजूरी की पुष्टि होना बाकी है। इधर प्रस्तावित कार्यक्रम 16, 17 और 18 अक्टूबर को राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में आयोजित होना है। विधायक ने आयोजन समिति को सुरक्षा, अनुशासन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने पर दिया।
