इंदौर: नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने एबी रोड से हटाए गए बीआरटीएस बस स्टॉप एवं रेलिंग कार्य का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगवंकर, सहायक यंत्री शैलेंद्र मिश्रा ओर अन्य अधिकारी उपस्थित थे.उल्लेखनीय है कि निगम द्वारा संपूर्ण बीआरटीएस 11.5किमी में स्थित सभी 17 बस स्टॉप व दोनों ओर की रेलिंग को हटाने का कार्य पूर्ण कर दिया है.
लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से चिड़ियाघर स्थित 50 मीटर की रेलिंग अभी नहीं हटाई है. दो बस स्टॉप का मलबा एलिवेट कॉरिडोर की बैरीकेडिंग के अंदर होने से हटाना बाकी है. हालांकि ये ट्रैफिक मूवमेंट एरिया में नहीं है. हटाए गए सभी बस स्टॉप व रेलिंग के स्थान पर समानांतर रूप से डामर पेचवर्क का कार्य किया गया है. आयुक्त श्री सिंघल द्वारा निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर उचित सुरक्षा की दृष्टि से उचित बैरिकेटिंग करने व डीप साफ सफाई करने के निर्देश दिए गए.
स्टॉर्म वाटर लाइन का निरीक्षण
इसके साथ आयुक्त ने बीआरटीएस पर विजय नगर से एलआईजी तक स्टॉर्म वाटर लाइन का निरीक्षण किया. निरीक्षण में आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक चैम्बर पर इनलेट चैम्बर बनाए जाए. सभी चैम्बर की डीप सफाई की जाए, कुछ स्थानों पर स्टॉर्म वाटर लाइन में क्रॉस कनेक्शन नहीं होने से अवरोध पाया गया जिस पर निर्देश दिए गए कि तत्काल सफाई कर अवरोध दूर करने हेतु तत्काल क्रॉस कनेक्शन किए जाएं. वर्षा काल पूर्व स्टॉर्म वाटर लाइन के चेंबर एवं पाइपलाइन को पूर्णत साफ़ करने के निर्देश दिए गए ताकि वर्षा काल में जल जमाव की स्थिति निर्मित नहीं हो.
