नयी दिल्ली 01 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 2015 के भरूच दोहरे हत्याकांड मामले में पाकिस्तान स्थित डी- कंपनी गिरोह के सहयोगी मोहम्मद यूनुस उर्फ मंजरो की दो अचल संपत्तियां कुर्क की है।
एनआईए के सूत्रों के मुताबिक अहमदाबाद स्थित एनआईए विशेष अदालत के आदेश पर गिरफ्तार आरोपियों की संपत्तियां यूए (पी) अधिनियम की धारा 33 (1) के तहत कुर्क की गयी हैं। कुर्क की गयी संपत्तियों में भरूच शहर के वार्ड संख्या 3, सिटी सर्वे संख्या 3614 (कुल क्षेत्रफल: 143.96 वर्ग मीटर) और भरूच शहर के वार्ड संख्या 3, सिटी सर्वे संख्या 3615 (कुल क्षेत्रफल: 29.59 वर्ग मीटर) स्थित आवासीय घर शामिल है।
उन्होंने बताया कि मंजरो को नवंबर 2015 में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं शिरीष बंगाली और प्रग्नेश मिस्त्री की आपराधिक साजिश और हत्या में उसकी भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया था।
एनआईए की यह कार्रवाई पाकिस्तान से संचालित डी-कंपनी गिरोह के आतंकी तंत्र को ध्वस्त करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण कदम हैं।
