जबलपुर: शहर के अंदर बड़े वाहनों के प्रवेश से आए दिन कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या सामने आ ही जाती हैं। इसके अलावा पूर्व में शहर के अंदर बड़े वाहनों के प्रवेश से हादसे होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उसके बावजूद भी शहर की कई सडक़ों पर रोजाना यमदूत बनते हुए चार पहिया बड़े वाहन घूमते हुए नजर आते हैं।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा नो एंट्री के समय को भी बढक़र रात्रि 10 बजे कर दिया है जिसमें कुछ वाहनों को दोपहर में 2 घंटे की छूट निर्धारित जगह ट्रांसपोर्ट नगर चंडाल भाटा तक दी गई है। परंतु उसके बावजूद भी विजयनगर और बल्देवबाग क्षेत्र में भी दिन- दहाड़े बड़े ट्रक चालक घूमते हुए नजर आ रहे हैं। जिन पर किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं हो रही है।
नियमों की हो रही अवहेलना
रात्रि 10 बजे से नो एंट्री खुलने के बाद ही शहर के अंदर बड़े वाहनों को प्रवेश किया जाता है। हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा निकाले गए आदेश के अनुसार करौंदा नाला से रिछाई औद्योगिक क्षेत्र तक पूरे समय 21 घण्टे सभी वाहनों को नो एंट्री से छूट रहेगी। इसके अलावा कटंगी एवं पाटन बायपास चौराहा से चंडाल भाटा ट्रांसपोर्ट नगर मार्ग तक दोपहर 3 बजे से सायं 5 बजे तक छूट रहेगी। परंतु कुछ ट्रक चालक निर्धारित जगह और समय की अवहेलना करते हुए नो एंट्री के समय विजयनगर और अन्य जगहों पर दिखाई दे रहे हैं,वहीं 5 के बाद भी चंडाल भाटा के तरफ ट्रक चालक जाते हुए नजर आते हैं।
कम उम्र के युवकों के हाथ स्टेयरिंग
खासतौर पर देखा जाता है कि बहुत से वाहन ऐसे युवकों द्वारा चलाया जाता है,जो की कम उम्र के दिखाई पड़ते हैं। वह युवक सडक़ों पर रोजाना बेलगाम सडक़ों पर वाहनों को ऐसे ही चलाते हुए नजर आते हैं। जिससे कभी-कभी बड़ा हादसा होने का खतरा भी बना रहता है और कई बार तो सडक़ों पर इन बड़े वाहनों से हादसे हो भी जाते हैं, जिससे लोगों की जान भी चली जाती है।
इनका कहना है
नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्यवाही की जाती है। नो एंट्री के पहले घूमने वाले वाहनों पर भी कार्यवाही की जाएगी।
संतोष कुमार शुक्ला,
डीएसपी यातायात मालवीय चौक