भीषण गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में 24 घंटे चलेंगे हीट स्ट्रोक वार्ड

ऊधमसिंह नगर, 23 मई (वार्ता) उत्तराखंड के तराई में लू और भीषण गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिले के सभी चिकित्सालयों को अलर्ट कर दिया गया है। जिले में हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के के अग्रवाल ने सभी अस्पतालों में स्थापित “हीट स्ट्रोक वार्ड” को 24 घंटे संचालित करने, वार्डों में एसी, कूलर और पंखों की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिससे लू से प्रभावित मरीजों को तत्काल राहत मिल सके।

उन्होंने अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों और आवश्यक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया। निर्देशों के अनुसार सभी चिकित्सा इकाइयों में रिंगर लैक्टेट, अन्य आवश्यक आईवी फ्लूइड्स, ओआरएस घोल और जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रखा जाए।

ग्रामीण क्षेत्रों में हीट स्ट्रोक के मामलों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सीएमओ ने सभी ब्लॉक प्रभारियों को आशा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं। प्रशिक्षण के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को हीट स्ट्रोक के शुरुआती लक्षण पहचानने और प्राथमिक उपचार देने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

अस्पतालों में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतीक्षा कक्षों में एसी और कूलर चालू रखने तथा शुद्ध और ठंडे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं।

श्री अग्रवाल ने आम लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, सूती कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल से संपर्क किया जाए।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम और गैर संचारी रोग कार्यक्रम की भी विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Next Post

बक्सर के रामरेखा घाट पर भव्य राम मूर्ति की स्थापना होगी : सम्राट चौधरी

Sat May 23 , 2026
बक्सर, 23 मई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को घोषणा की है कि बक्सर के रामरेखा घाट पर भव्य राम मूर्ति की स्थापना की जायेगी। श्री चौधरी ने आज बक्सर के रामरेखा घाट स्थित बाबा श्री रामेश्वरनाथ जी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की तरक्की एवं खुशहाली […]

You May Like