बक्सर के रामरेखा घाट पर भव्य राम मूर्ति की स्थापना होगी : सम्राट चौधरी

बक्सर, 23 मई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को घोषणा की है कि बक्सर के रामरेखा घाट पर भव्य राम मूर्ति की स्थापना की जायेगी। श्री चौधरी ने आज बक्सर के रामरेखा घाट स्थित बाबा श्री रामेश्वरनाथ जी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की तरक्की एवं खुशहाली की कामना की। इस मंदिर में भगवान श्रीराम के द्वारा स्थापित प्रथम शिवलिंग है। श्री श्री रामेश्वरनाथ मंदिर सेवाश्रम न्यास समिति से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने रामरेखा घाट पर कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से मुख्यमंत्री को रामरेखा घाट में कराये गए जीर्णोद्धार कार्य एवं अन्य विकास कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। रामरेखा घाट पर स्थापित होनेवाली प्रस्तावित भगवान श्रीराम की प्रतिमा, कंट्रोल रूम, पेयजल, पाथ-वे, चेंजिंग रूम, गंगा आरती आदि के संबंध में भी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बक्सर के रामरेखा घाट पर भव्य राम मूर्ति की स्थापना करायी जायेगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने लगभग छह करोड़ रूपये की लागत से रामरेखा घाट स्थित लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार कार्य तथा महर्षि विश्वामित्र मंडपम का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री कोलाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स में उपलब्ध करायी गयी सुविधाओं से अवगत कराया।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री के समक्ष लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स में लाइट एंड साउंड के माध्यम से बक्सर की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलकियां प्रदर्शित की गयी। लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स में 5डी थियेटर, टिकट काउंटर, 80 इंडोर एवं 30 आउटडोर क्षमता वाले रेस्टोरेंट, ड्राई डेक फाउंटेन सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स रामरेखा घाट बक्सर से रिमोट के जरिये महाराज स्व. कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का भी अनावरण किया।

 

Next Post

मलेशिया मास्टर्स में चीनी शटलर्स चार फाइनल में पहुंचे

Sat May 23 , 2026
कुआलालंपुर, 23 मई (वार्ता) शनिवार को सेमीफाइनल मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद, चीनी शटलर्स ने 2026 मलेशिया मास्टर्स के चार फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। पुरुष एकल में, ली शिफेंग ने अपने हमवतन हू झेआन को 21-17, 21-16 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जहाँ रविवार […]

You May Like