
छिंदवाड़ा। जिला कांग्रेस कार्यालय में एनएसयूआई की छिंदवाड़ा एवं पांढुर्ना इकाई की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक को पूर्व सांसद नकुलनाथ ने संबोधित किया और युवाओं में जोश भरते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
नकुलनाथ ने कहा कि विपक्ष में रहकर भी कार्यकर्ताओं को कमजोर नहीं समझना चाहिए और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने छिंदवाड़ा के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार किया है। कमलनाथ सरकार द्वारा स्वीकृत मेडिकल कॉलेज की राशि भाजपा ने आधी कर दी।
उन्होंने सरकारी स्कूलों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कहीं शिक्षक नहीं, तो कहीं बिल्डिंग नहीं है। उन्होंने भाजपा पर धर्म की राजनीति करने और युवाओं को रोजगार देने में विफल रहने का आरोप लगाया। अंत में नकुलनाथ ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राजनीति सहित हर कार्य पूरी ईमानदारी से करें और भाजपा की तरह झूठ न बोलें।
बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
