
छिन्दवाड़ा।मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ का तीन दिवसीय दौरे पर छिंदवाड़ा पहुंचे. नेताद्वय के इमलीखेड़ा हवाई पट्टी में पहुंचने पर कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं व आमजन ने उनका स्वागत किया। ईमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर उपस्थित मीडियाकर्मियों ने छिन्दवाड़ा में खाद के संकट व किसानों पर अपराध पंजीबद्ध किए जाने को लेकर कमलनाथ से प्रश्न किया जिसके प्रत्युत्तर में मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि पूरे प्रदेश में यूरिया सहित अन्य आवश्यक खाद का संकट बना हुआ है। सरकार खाद उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल है। अपनी विफलता व नाकामी को छिपाने एवं किसानों की आवाज को दबाने के लिए पुलिस कार्रवाई का सहारा लिया जा रहा है। मेरे संज्ञान में भी आया है कि जिले के लगभग 130 किसानों पर अपराध पंजीबद्ध किया गया है, यह भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता व किसान विरोधी मानष्किता को उजागर करती है। अन्नदाता के साथ भाजपा का यह बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसान, नौजवान व छोटे व्यापारी से लेकर समाज का हर वर्ग परेशान व त्रस्त है। श्री नाथ ने आगे कहा कि पूरा प्रदेश घोषणाओं व आश्वासनों पर चल रहा है।
समाज का हर वर्ग है परेशान
कमलनाथ ने आगे कहा कि कृषि क्षेत्र, नौजवान व छोटे व्यापारी सहित समाज का हर वर्ग परेशान व त्रस्त है। सरकार की नीतियां व नियत स्पष्ट रूप से जनता के सामने हैं। प्रदेशभर में आदिवासियों की जमीन गैर आदिवासियों को बेचने का खेल चल रहा। जमीनों पर अवैध तरीके से कब्जे किए जा रहे और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है, यह केवल आदिवासी भाइयों की जमीन खरीद फरोख्त का मामला नहीं है, बल्कि आदिवासी जनजाति पर सीधा हमला है, उन्हें जमीनों से बेदखल करने की साजिश है।
