चाकुओं से दहला शहर : छह थानों की कार्रवाई में कई आरोपी गिरफ्तार

इंदौर: शहर में धारदार हथियारों के साथ वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह तक अलग-अलग थानों की कार्रवाई में पुलिस ने कई आरोपियों को पकड़ा है. कहीं पुरानी रंजिश में बेल्ट-डंडों और चाकू से हमला हुआ, तो कहीं शराबी पति ने पत्नी और बेटी पर चाकू से वार कर दिया. वहीं कई इलाकों से बिना लाइसेंस के धारदार हथियार जब्त किए गए.

पुलिस कंट्रोल रुम से मिली जानकारी के अनुसार लसूड़िया थाना क्षेत्र में एबी रोड स्थित स्ट्राइगर क्लब के पास पुरानी रंजिश में विवाद हुआ. आरोपियों ने गालियां दीं और युवक पर बेल्ट, डंडे और चाकू से हमला कर दिया. हमले में उसके सिर, आंख और हाथ पर गंभीर चोटें आईं. जाते-जाते आरोपी जान से खत्म करने की धमकी देकर भाग निकले.

इसी तरह हीरानगर थाना क्षेत्र में ठाकुर चिकन शॉप के सामने विवाद के दौरान आरोपी युवकों ने गाली-गलौज के बाद डंडे और चाकू से हमला कर घायल किया और फरियादी को मौत की धमकी दी. इसी तरह तलावली चांदा में घरेलू विवाद के दौरान शराब के नशे में पति ने पत्नी से मारपीट की और बीच-बचाव करने आई बेटी पर सब्जी काटने का चाकू से वार कर दिया. हमले में युवती के हाथ में चोट आई और खून बह निकला.

वहीं मल्हारगंज पुलिस ने बडा गणपति क्षेत्र से एक आरोपी को तेज धार वाले चाकू के साथ पकड़ा. जबकि सदर बाजार थाना पुलिस ने मराठी मोहल्ले से मोईन उर्फ काला को गिरफ्तार कर उसके पास से खटकेदार चाकू बरामद किया. इसके अलावा तिलकनगर थाना क्षेत्र में नंदा नगर के युवक सार्थक साल्वी को पुलिस ने 14 इंच लंबे चाकू के साथ दबोचा.

वहीं परदेशीपुरा पुलिस ने शुलभ कॉम्प्लेक्स के पास सूरज डेंडोर को पकड़ा, जिसके पास से बिना लाइसेंस का धारदार चाकू मिला. सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. मामले में पुलिस उपायुक्त अमित सिंह का कहना है कि लगातार हो रही हथियारबाजी और चाकूबाजी की घटनाओं पर सख्त नजर रखी जा रही है. आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

शहर में तेज रफ्तार का कहर : इंदौर-देवास एबी रोड सहित कई इलाकों में हादसे

Tue Sep 2 , 2025
इंदौर: शहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग लगातार हादसों को जन्म दे रही है. बीते कुछ दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. इनमें नाबालिग और महिलाएं भी शामिल हैं.सबसे […]

You May Like