इंदौर: शहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग लगातार हादसों को जन्म दे रही है. बीते कुछ दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. इनमें नाबालिग और महिलाएं भी शामिल हैं.सबसे गंभीर मामला थाना मानपुर क्षेत्र का सामने आया, जहां बिचौली से नांदेड के बीच एबी रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने 35 वर्षीय पूनमचंद निवासी रालामंडल को जोरदार टक्कर मार दी, गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई.
वहीं, थाना क्षिप्रा इलाके में एबी रोड पर एसएस पंजाबी ढाबे के सामने अपाचे बाइक सवार ने 15 वर्षीय नेहा परमार को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई. इसी थाना क्षेत्र में ग्राम पिरकराडिया के पास एक अन्य बाइक चालक ने 50 वर्षीय पारुबाई को कुचल दिया, उन्हें सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. थाना भंवरकुआं क्षेत्र में आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज के सामने सर्विस रोड पर बाइक सवार ने गलत दिशा से आकर नीलोफर खान और उनके पति की बाइक को टक्कर मार दी.
हादसे में उनके पति के पैर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. इसी तरह थाना जूनी इंदौर क्षेत्र में ईल्वा स्कूल चौराहे के पास अज्ञात कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक व्यक्ति को टक्कर मार दी. हादसे में फरियादी के पैर में चोटें आई हैं. लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
