सीएम हेल्पलाइन में प्रकरणों का निराकरण कर रैंकिंग सुधारें

रीवा।कलेक्टर कार्यालय मऊगंज सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की. कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें. इसमें 50 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों तथा समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित आवेदनों का तत्परता से निराकरण करें. प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करके विभाग की रैंकिंग सुधारें. सीएम डैशबोर्ड तथा सीएस मॉनिट से प्राप्त पत्रों का भी तीन दिवस में निराकरण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें.

कलेक्टर ने कहा कि जिले के कई क्षेत्रों में गत सप्ताह की भारी वर्षा में बाढ़ की स्थिति निर्मित हुई. कार्यपालन यंत्री लोकनिर्माण विभाग तथा जिला प्रबंधक आरडीसी क्षतिग्रस्त सडक़ों में सुधार का कार्य तत्काल शुरू करें. नईगढ़ी के समीप पुल के एप्रोच रोड में मजबूती से सुधार कार्य कराएं. सभी एसडीएम बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों तथा अन्य परिसम्पत्तियों का सर्वे करके राहत राशि के प्रकरण प्रस्तुत करें. जिले में जर्जर शासकीय भवनों की एक सप्ताह में सूची प्रस्तुत करें. आमजन के लिए खतरनाक जर्जर भवनों को ध्वस्त करने की कार्यवाही करें. कलेक्टर ने कहा कि समग्र पोर्टल पर ई केवाईसी अपडेशन की प्रगति बहुत धीमी है. सभी नगरीय निकाय और जनपद पंचायत शिविर लगाकर शेष हितग्राहियों का ई केवाईसी अपडेशन कराएं. कलेक्टर ने कहा कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार खाद और बीज उपलब्ध कराएं. सहकारी समितियों तथा विपणन संघ में पर्याप्त मात्रा में खाद भण्डारित है. खाद की लगातार आपूर्ति हो रही है. खाद के वितरण और बिक्री पर सतत निगरानी रखें. बैठक में कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन, उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न वितरण तथा ई आफिस के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए. बैठक में संयुक्त कलेक्टर राजेश मेहता, एसडीएम हनुमना रश्मि चतुर्वेदी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

Next Post

कांवड़ यात्रा की संयोजिका को टैंकर ने रौंदा, मौके पर मौत

Thu Jul 24 , 2025
इंदौर। कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का काफिला उस वक्त मातम में बदल गया जब एक महिला संयोजिका को तेज रफ्तार टैंकर ने कुचल दिया। हादसा एबी रोड स्थित मानपुर के समीप उस वक्त हुआ जब महिला श्रद्धालु सड़क किनारे चल रही थी। ओवरटेक करने के दौरान लापरवाह टैंकर चालक […]

You May Like