
छतरपुर। लवकुशनगर थाना क्षेत्र के पठा चौकी अंतर्गत पूरा गांव में देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने बजरंगबली की एक पुरानी मूर्ति को खंडित कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
मूर्ति खंडित होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी बीच विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के जिला संयोजक जीतेन्द्र शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही लवकुशनगर थाना प्रभारी अजय अम्बे और जुझार नगर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं, प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही नई मूर्ति स्थापित कराई जाएगी।
इस मामले में एसडीओपी लवकुशनगर नवीन दुबे ने बताया कि मूर्ति तोड़े जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
