काठमांडू, 26 अगस्त (वार्ता) नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार तड़के अचानक आयी बाढ़ के बाद तिब्बत स्थित कैलास मानसरोवर की यात्रा पर गये 93 नेपाली नागरिकों और बड़ी संख्या में भारतीय श्रद्धालुओं सहित लगभग 400 तीर्थयात्रियों से संपर्क टूटने की रिपोर्ट है।
ये तीर्थयात्री बुधवार को तिब्बत में प्रवेश करने वाले थे, तभी बाढ़ ने नेपाल-चीन सीमा पर रसुवागढ़ी के आसपास की सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचों को भारी नुकसान पहुंचाया।
टच कैलाश ट्रेवल्स एंड टूर्स के प्रबंध निदेशक बासु कुमार अधिकारी ने बताया कि 390 श्रद्धालुओं को सीमा पार करनी थी।
‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर तीन बजे तक इनमें से केवल कुछ ही लोगों से संपर्क हो सका था। ट्रेकिंग एजेंसीज एसोसिएशन ऑफ नेपाल के अध्यक्ष सागर पांडेय ने कहा कि श्रद्धालुओं से संपर्क साधने और उनकी स्थिति का आकलन करने के प्रयास जारी हैं।
ये तीर्थयात्री सम्राट टूर्स एंड ट्रेवल्स, लीफ हॉलीडेज, काठमांडू हॉलीडेज, कैलाश जर्नी, एक्सप्लोर वेकेशन, ट्रेकर्स सोसाइटी, ऋचा टूर्स, फिशटेल टूर एंड ट्रेवल्स, हिमालयन ग्लेशियर और अल्पाइन इको ट्रेक जैसी कई एजेंसियों के जरिये यात्रा कर रहे थे।
अचानक आयी इस बाढ़ से रसुवागढ़ी क्षेत्र की बस्तियों और बुनियादी ढांचे पर असर पड़ने से नेपाल तथा तिब्बत के बीच का मुख्य मार्ग बाधित हो गया है।
