
भोपाल। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने आरोप लगाया है कि मध्यप्रदेश सरकार ने सरदार सरोवर परियोजना से जुड़े लगभग 7,770 करोड़ रुपये के मुआवजे के राज्य के दावे को छोड़कर प्रदेश के हितों से समझौता किया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए अंतरराज्यीय समझौते के तहत मध्यप्रदेश अब गुजरात को 550 करोड़ रुपये देगा। मीडिया से चर्चा करते हुए अजय सिंह ने आरोप लगाया कि इस निर्णय में मध्यप्रदेश की डूबी हुई कृषि भूमि, जंगलों और प्रभावित गांवों के नुकसान की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों की प्रभावी पैरवी किए बिना समझौते पर हस्ताक्षर किए गए और सरकार से स्पष्ट करने की मांग की कि आखिर किन परिस्थितियों में यह समझौता स्वीकार किया गया।
