
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और मंत्री दिलीप जायसवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विकास, प्रशासनिक मामलों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दे मंत्रियों के समक्ष रखे।
दोनों मंत्रियों ने प्राप्त शिकायतों और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया, ताकि शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
