भारत ने खालिस्तान समर्थक संगठन पर प्रतिबंध के ब्रिटेन के निर्णय का स्वागत किया

नयी दिल्ली 08 दिसम्बर (वार्ता) भारत ने खालिस्तान समर्थक प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा के साथ कथित संबंधों के लिए एक ब्रिटिश सिख व्यवसायी और उससे जुड़े एक गुट पर ब्रिटेन सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंध का स्वागत किया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोमवार को यहां साप्ताहिक ब्रीफिंग में सवालाें के जवाब में कहा कि ब्रिटेन सरकार द्वारा उठाए गए कदम आतंकवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ वैश्चिक लड़ाई को मजबूत करेंगे।

उन्होंने कहा ,” हम ब्रिटिश सरकार द्वारा भारत विरोधी कट्टरपंथी संगठनों पर प्रतिबंध लगाने के लिए उठाए गए कदमों का स्वागत करते हैं, जो आतंकवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ वैश्चिक लड़ाई को मजबूत करते हैं, और गैर-कानूनी वित्तीय प्रवाह और अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क को रोकने में मदद करते हैं।

ऐसे लोग और ग्रुप न केवल भारत और ब्रिटेन के लिए, बल्कि दुनिया भर के लोगों के लिए खतरा हैं। हम अपने आतंकवाद रोधी और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए ब्रिटिश पक्ष के साथ मिलकर काम करते रहने की उम्मीद करते हैं।”

उल्लेखनीय है कि ब्रिटिश सरकार ने पिछले सप्ताह भारत में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने वाले संगठनों में कथित तौर पर शामिल होने के लिए गुरप्रीत सिंह रेहल पर प्रतिबंध लगाया था। ब्रिटेन ने बब्बर अकाली लहर पर भी प्रतिबंध लगाया है जिस पर बब्बर खालसा को बढ़ावा देने और समर्थन करने का आरोप है।

 

 

 

Next Post

इंडिगो का डीजीसीए को जवाब, 'इस समय सटीक कारण बताना संभव नहीं'

Mon Dec 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 दिसंबर (वार्ता) पांच दिन में हजारों उड़ानें रद्द करने और यात्रियों को हुई परेशानी पर निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने कहा है कि इस संकट का “सटीक कारण बताना इस समय संभव नहीं है।” पूरे मामले पर नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के कारण बताओ नोटिस के […]

You May Like