एफपीआई ने जून में बेची 62,853 करोड़ रुपये की इक्विटी

मुंबई, 14 जून (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलिया निवेशकों (एफपीआई) ने जून में अबतक भारतीय पूंजी बाजार से 43,955 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है जिसमें अकेले इक्विटी में उनका निवेश 62.8 हजार करोड़ रुपये कम हुआ है।

केंद्रीय डिपॉजटरी सेवा के आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने जून के पहले दो सप्ताह में इक्विटी में 62,853 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की है।

शुद्ध बिकवाली बाजार में लगाये गये पैसे और निकाले गये पैसे का अंतर है।

इक्विटी के अलावा म्यूचुअल फंड में भी एफपीआई निवेश 35 करोड़ रुपये कम हुआ है। हाइब्रिड उपकरणों से एफपीआई ने 27 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की।

डेट में इस महीने अबतक एफपीआई ने पैसा लगाया है। इसमें उन्होंने शुद्ध रूप से 18,960 करोड़ रुपये की लिवाली की है।

यह लगातार चौथा महीना है जब भारतीय पूंजी बाजार में एफपीआई बिकवाल हैं। इससे पहले मई में उन्होंने 29.919 करोड़ रुपये, अप्रैल में 70,786 करोड़ रुपये और मार्च में 1,26,991 करोड़ रुपये की निकासी की थी।

इस साल जनवरी से अबतक एफपीआई बाजार में 2,62,875 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली कर चुके हैं। इसमें इक्विटी और म्यूचुअल फंड से उन्होंने शुद्ध निकासी की है जबकि डेट में उन्होंने पैसा लगाया है।

मौजूदा कैलेंडर वर्ष में अकेले इक्विटी से एफपीआई 2,87,785 करोड़ रुपये निकाल चुके हैं।

Next Post

स्वच्छ यमुना मेरा कर्तव्य अभियान के तहत रेखा गुप्ता, मल्होत्रा सहित विभिन्न भाजपा नेताओं ने की यमुना नदी की सफाई

Sun Jun 14 , 2026
नयी दिल्ली 14 जून (वार्ता) स्वच्छ यमुना मेरा कर्तव्य अभियान के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित विभिन्न नेताओं ने रविवार को अलग-अलग स्थानों पर यमुना नदी की सफाई की। दिल्ली भाजपा के द्वारा द्वारा इस […]

You May Like