व्यापार के नाम पर महिला से एक करोड़ की धोखाधड़ी, केस दर्ज

जावरा। महाराष्ट्र की एक महिला ने मुंबई निवासी सिद्धार्थ बांठिया पर करीब एक करोड़ रुपए हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। व्यापार के नाम पर ली गई नकदी और सोने के आभूषण वापस मांगने पर आरोपी द्वारा महिला को परिवार सहित बदनाम करने की धमकियां दी जा रही थीं। मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूल रूप से कर्जत, रायगढ़ (महाराष्ट्र) की रहने वाली और निवासी फरियादिया पूर्वा पति श्रीपाल जैन ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि करीब दो साल पहले जावरा के टीजीपी होटल (रिसोर्ट ) में मुंबई निवासी सिद्धार्थ पिता नरेन्द्र बांठिया ने उनसे संपर्क किया था। सिद्धार्थ ने व्यापार के लिए एक महीने के लिए करीब 90 लाख रुपए की आवश्यकता बताते हुए उधार मांगे थे। विश्वास में आकर फरियादिया ने उसे 550 ग्राम सोना और 10 लाख रुपए नकद दिए थे।

पैसे मांगे तो देने लगा धमकियां-

फरियादिया ने उपनिरीक्षक एच.बी. दीक्षित को बताया कि तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी सिद्धार्थ ने रकम और सोना वापस नहीं किया। जब भी तगादा किया जाता, वह अभी मेरा काम नहीं हुआ है कहकर टालमटोल करता रहा। इस तरह दो साल बीत गए। अब जब महिला ने अपने पैसे वापस पाने के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि अगर उसे बार-बार रुपयों के लिए परेशान किया, तो वह परिवार की इज्जत उछालकर उन्हें समाज में बदनाम कर देगा।

अमानत में खयानत का मामला दर्ज-

फरियादिया का आरोप है कि मुंबई निवासी सिद्धार्थ बांठिया उसकी संपत्ति हड़पना चाहता है और वर्तमान में उसकी नकदी व सोने का निजी उपयोग कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि आरोपी का कृत्य स्पष्ट रूप से अमानत में खयानत की श्रेणी में आता है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ पिता नरेन्द्र बांठिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

Next Post

ट्रक में पीछे से जा घुसी तेज रफ्तार कार, अधिवक्ता की मौत

Fri Sep 4 , 2026
देवास। बायपास पर राजोदा जेल के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर घायल हो गया। […]

You May Like