
देवास। बायपास पर राजोदा जेल के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी अधिवक्ता गौरव वर्मा (40) गुरुवार शाम करीब 4 बजे कार से इंदौर के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ ड्राइवर शाहरुख मकबूल भी था। दोनों नासिक, ओंकारेश्वर सहित अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा पर जा रहे थे।
अलसुबह ट्रक में घुसी कार-
पुलिस के अनुसार शुक्रवार अलसुबह करीब 3 बजे राजोदा जेल के पास कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। तेज टक्कर के कारण कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में गौरव वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर शाहरुख घायल हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया-
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ड्राइवर को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
गौरव वर्मा पेशे से अधिवक्ता थे और फिरोजाबाद कोर्ट में प्रैक्टिस करते थे। उनकी शादी हो चुकी थी। धार्मिक यात्रा के दौरान हुए इस हादसे में उनकी मौत की खबर से परिजन और परिचितों में शोक का माहौल है।
