
जबलपुर। फर्म का डेटा चुराकर ब्लैकमेलिंग कर व्यवसायी से एक करोड़ रुपए और कार की मांग करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी की सिविल लाइन थाने में हवालात के अंदर अचानक तबियत बिगड़ गई। जिससे हडक़ंप मच गया। आरोपी को अनान फानन में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उसे भर्ती कर लिया गया है। आरोपी की आज जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि उसकी तबियत किन कारणों से बिगड़ी है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार नयागांव हाउसिंग सोसायटी रामपुर निवासी महेश केमतानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके मदन महल स्थित शुभ मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड में रीवा निवासी दयाशंकर पांडे वर्ष 2019 से लेकर मार्च 2025 तक क्लर्क के पद पर कार्यरत था। महत्वपूर्ण डेटा चुरा लिया था। इसके बाद उसने इस्तीफा दे दिया था इसके बाद विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों में शुभ मोटर्स के खिलाफ फर्जी शिकायतें करने लगा था। दयाशंकर पांडे से परेशान होकर शुभ मोटर्स में कार्यरत एक कर्मचारी सुशील श्रीवास्तव ने उसे समझाने का प्रयास भी किया था लेकिन दयाशंकर ने कुछ भी सुनने से इनकार करते हुए 1 करोड़ रुपए और एक डैमो कार की मांग की थी। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी दयाशंकर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था । शुक्रवार को आरोपी की हवालात में अचानक तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद हडक़ंप मच गया और आरोपित को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। टीआई शशि धुर्वे ने बताया कि शनिवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा कि उसकी तबियत किन कारणों से बिगड़ी थी। इसके बाद चिकित्सकों के परामर्श के आधार पर ही उसे कोर्ट में पेश किया जा सकता है।
