जबलपुर: रेल यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी थाना जबलपुर को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सटीक सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म क्रमांक 7 पर घेराबंदी कर सतना जिले के ग्राम बांधा निवासी शातिर आरोपी रंगेश प्रसाद शर्मा उर्फ चुनका (40 वर्ष) को दबोच लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पिट्ठू बैग से विभिन्न नामी कंपनियों के 07 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनके संबंध में वह कोई भी वैध दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर सका जप्त किए गए बिना सिम वाले इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1,26,000/- आंकी गई है। पुलिस ने सभी मोबाइलों को धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत विधिवत जप्त कर पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। ई-रक्षक एप से आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि उसके खिलाफ पूर्व में भी कई अपराध दर्ज हैं। जीआरपी ने आरोपी को उसके संवैधानिक अधिकारों और गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देते हुए गिरफ्तार कर लिया है, और इसकी सूचना उसके परिजनों व ग्राम सरपंच को दे दी गई है।
