सवारियां बैठाने की होड़ में दो बसें भिड़ीं, 7 यात्री घायल

नीमच। महू रोड स्थित राजस्थानी ढाबे के समीप सोमवार को सवारियां बैठाने की होड़ और तेज रफ्तार के चलते दो बसों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। भादवामाता से दर्शन कर झाबुआ लौट रही निजी पंचोली बस ने आगे चल रही राजस्थान परिवहन की कोटा डिपो बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में करीब सात यात्री घायल हो गए। इनमें तीन यात्रियों को चोटों के चलते नीमच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, दोनों बसों के बीच सवारियां बैठाने को लेकर आगे निकलने की होड़ चल रही थी। इसी दौरान पंचोली बस तेज गति से आगे बढ़ी और चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस ने राजस्थान रोडवेज की बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद पंचोली बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन यात्री जिला अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल शिवकांता पोरवाल (60), निवासी घुघरी, तहसील पेटलावद, जिला झाबुआ; सिताबाई (60), निवासी घुघरी, तहसील पेटलावद, जिला झाबुआ तथा अकरम खान (65), निवासी उदयपुर, राजस्थान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

बड़ी जनहानि टली

बस में बड़ी संख्या में यात्री और श्रद्धालु सवार थे। इनमें कई लोग भादवामाता मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। तेज रफ्तार से हुई टक्कर के बावजूद किसी यात्री को जानलेवा गंभीर चोट नहीं आई। इससे बड़ी जनहानि टल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

Next Post

गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा नीमच, बारिश के बीच भी नहीं थमा भक्तों का उत्साह

Mon Sep 14 , 2026
नीमच। ढोल की थाप, डीजे पर गूंजते भक्ति गीत, चारों ओर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे और आकर्षक रोशनी से सजे गणेश पंडाल… गणेश चतुर्थी पर सोमवार को नीमच शहर सहित पूरे जिले में ऐसा ही भक्तिमय नजारा देखने को मिला। सुबह से ही शुभ मुहूर्त में गणपति स्थापना का […]

You May Like