महिला सीनियर कबड्डी में कर्नाटक, दिल्ली, हरियाणा की जीत के साथ शुरुआत

हैदराबाद, 28 जनवरी, (वार्ता) 72वीं महिला सीनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप के पहले दिन हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, कर्नाटक, राजस्थान, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। बालायोगी स्टेडियम में मंगलवार को शुरू हुई चैंपियनशिप में पहले दिन कई निर्णायक नतीजे देखने को मिले। भारत के महिला कबड्डी विश्व कप जीत के तुरंत बाद हो रही इस चैंपियनशिप में विश्व चैंपियन टीम के कई सदस्य अब अपने-अपने राज्यों और संस्थागत टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए एक-दूसरे के खिलाफ खेल रहे हैं। यह प्रतियोगिता 30 जनवरी तक चलेगी। पूल ए में, दिल्ली ने जम्मू और कश्मीर के खिलाफ 61-14 से जीत हासिल की, जबकि पूल बी में हिमाचल प्रदेश ने असम के खिलाफ 49-24 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। पूल सी में राजस्थान ने मेजबान तेलंगाना के खिलाफ 44-21 से जीत दर्ज की, और हरियाणा ने पूल डी में झारखंड को 62-16 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया।

पूल एफ में तमिलनाडु ने उत्तराखंड पर 57-26 से जीत हासिल की, जबकि पूल जी में चंडीगढ़ ने पश्चिम बंगाल के खिलाफ 72-19 से जीत दर्ज की। पूल ई में, छत्तीसगढ़ ने दिन के सबसे करीबी मुकाबले में केरल को 43-36 से हराया, जिसके बाद कर्नाटक ने पूल एच में मणिपुर को 100-8 से हराकर अब तक के सबसे बड़े स्कोर के साथ पहले दिन का समापन किया। पहले दिन कई खिलाड़ियों ने अपने शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। कर्नाटक की हमशिता जीएम और हर्षिता एम ने क्रमशः 15 और 14 रेड पॉइंट के साथ अपनी टीम के लिए सबसे अधिक स्कोर किया। तमिलनाडु की रेडर कार्तिका आर 18 रेड पॉइंट के साथ दिन की टॉप स्कोरर रहीं, जबकि छत्तीसगढ़ की छाया ने अपनी टीम की जीत में 16 रेड पॉइंट का योगदान दिया। हिमाचल प्रदेश की पुष्पा (13 रेड पॉइंट) और हरियाणा की राज रानी (11 रेड पॉइंट) पहले दिन सुपर 10 हासिल करने वाली अन्य खिलाड़ियों में शामिल थीं, जो टीमों के बीच आक्रमक प्रदर्शन की गहराई को दर्शाता है। इस चैंपियनशिप में 28 टीमों के 378 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें राज्य एसोसिएशन और इंस्टीट्यूशनल यूनिट्स शामिल हैं।

Next Post

जेम्स वेब टेलीस्कोप से डार्क मैटर का अब तक का सबसे विस्तृत नक्शा तैयार

Wed Jan 28 , 2026
लंदन/वॉशिंगटन, 28 जनवरी (वार्ता) वैज्ञानिकों ने नासा के जेम्स वेब टेलिस्कोप की मदद से अंतरिक्ष में डार्क मैटर (अदृश्य पदार्थ) का अब तक का सबसे विस्तृत नक्शा तैयार किया है। यह शोध ब्रिटेन की डरहम यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों की टीम ने किया है। डार्क मैटर को ब्रह्मांड की सबसे बड़ी […]

You May Like