आमजन की समस्याओं का निराकरण समय सीमा में करें

इंदौर: कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज यहां समय-सीमा के पत्रों के निराकरण (टीएल) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, एमपीआईडीसी के सीईओ हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर निशा डामोर, रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने संकल्प से समाधान अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अभियान का चरणबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि अभियान के तहत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे.

उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. बैठक के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत दर्ज आवेदनों की रेंडम समीक्षा भी की. इस दौरान नगर निगम, वित्त, ऊर्जा, स्वास्थ्य आदि विभागों से संबंधित आवेदनों की समीक्षा की गई. निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर ऊर्जा विभाग के एल-वन अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, हातोद के विरुद्ध पेनल्टी अधिरोपित कर संबंधित हितग्राही को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए.

कमी मिलने पर तुरंत सुधार करें
इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासकीय एवं अशासकीय हॉस्टलों का नियमित निरीक्षण कर वहां मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तुरंत सुधार किया जाए. उन्होंने नशा मुक्ति अभियान के तहत जनजागरूकता के प्रयास तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में नशा मुक्ति समितियों का गठन किया जाए, जिनमें अध्यापक एवं विद्यार्थी शामिल हों. साथ ही संदिग्ध विद्यार्थियों पर निगरानी रखी जाए. हॉस्टलों के निरीक्षण के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे गार्जियन की भूमिका में कार्य करें.

Next Post

सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला

Tue Feb 3 , 2026
इंदौर: उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल रविवार को इंदौर के शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय के वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए. एमजीएम मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों […]

You May Like