
इंदौर. दीपावली से पहले रहवासी इलाकों में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. बाणगंगा पुलिस ने ग्राम भौरासला में एक घर के बरामदे से करीब एक लाख रुपए कीमत के पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की है. यहां बिना लाइसेंस के पटाखों की दुकान लगाकर बिक्री की जा रही थी. पुलिस ने संचालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है.
पुलिस क्षेत्र में मोहल्ला बैठकों के जरिए लोगों को अवैध और असुरक्षित तरीके से पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के साथ प्रतिबंधित कार्बाइड गन के कारोबार को लेकर जागरूक कर रही थी. लोगों को ऐसी गतिविधियों की सूचना देने के लिए थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए थे. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भौरासला के रहवासी इलाके में एक व्यक्ति अपने घर में बड़ी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री रखकर बेच रहा है. सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची तो घर के बरामदे में पटाखों की दुकान लगी मिली, वहां एक व्यक्ति पटाखे बेच रहा था. पूछताछ में उसने अपना नाम अमन सिंह जाधव उम्र 26 साल, पिता जीवन सिंह जाधव, निवासी मकान नंबर 50, ग्राम भौरासला बताया. पुलिस ने उससे पटाखों के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस मांगा तो उसने लाइसेंस नहीं होना बताया. इसके बाद पुलिस ने घर के बाहर दुकान में रखे पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त कर ली. जब्त सामग्री की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है. आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है. थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि आगामी दीपावली को देखते हुए अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री करने वालों पर नजर रखी जा रही है. भौरासला में बिना लाइसेंस पटाखे बेचने की सूचना पर कार्रवाई कर करीब एक लाख रुपए की सामग्री जब्त की है, ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी.
