हमास, कतर और तुर्की का गाजा में युद्ध समाप्त करने की ट्रम्प की योजना पर चर्चा

दोहा, 30 सितंबर (वार्ता) कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी ने मंगलवार को बताया कि फलिस्तीनी क्षेत्र का सबसे प्रमुख इस्लामी चरमपंथी संगठन हमास, कतर और तुर्की के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की गाजा पट्टी में चल रहे युद्ध को समाप्त करने की योजना पर चर्चा कर रहा है।

सोमवार को श्री ट्रम्प ने गाजा संघर्ष का हल निकालने के लिए 20-सूत्रीय योजना का खुलासा किया। इस प्रस्ताव में तत्काल युद्धविराम और 72 घंटों के भीतर बंधकों की रिहाई सहित अन्य कई बिंदु शामिल हैं।

योजना में यह भी निर्धारित किया गया है कि हमास और “अन्य समूहों” को गाजा के शासन में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भागीदारी छोड़नी होगी। इसके बजाय, गाजा का प्रशासन एक “तकनीकी, गैर-राजनीतिक फलिस्तीनी समिति” द्वारा किया जाएगा, जिसकी निगरानी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की अध्यक्षता में एक अंतरराष्ट्रीय निकाय करेगा।

प्रवक्ता अल-अंसारी ने पत्रकारों से कहा, “ट्रम्प की युद्धविराम प्रस्ताव पर हमास प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा अभी भी जारी है। यह चर्चा कल देर रात तक चली और आज भी जारी रहेगी। तुर्की प्रतिनिधिमंडल भी वार्ता में शामिल हो गया है।”

दोहा ने गाजा पट्टी में युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता की अत्यधिक सराहना की है। प्रवक्ता ने कहा कि ट्रम्प की योजना सैन्य कार्रवाइयों को तुरंत रोकने के लिए एक व्यापक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।

इजरायल के कतर की संप्रभुता का फिर से उल्लंघन न करने के वादे पर टिप्पणी करते हुए श्री अल-अंसारी ने कहा कि दोहा इस प्रतिज्ञा से संतुष्ट है।

 

Next Post

मोदी सरकार पंजाब की हर संभव सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध 

Tue Sep 30 , 2025
नयी दिल्ली/ चंडीगढ़ 30 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार पंजाब के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और राज्य के बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। गृह मंत्रालय ने मंगलवार देर शाम […]

You May Like