मोदी सरकार पंजाब की हर संभव सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध 

नयी दिल्ली/ चंडीगढ़ 30 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार पंजाब के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और राज्य के बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गृह मंत्रालय ने मंगलवार देर शाम एक वक्तव्य जारी कर कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज शाम यहां श्री शाह से मुलाकात की और उन्हें मानसून के दौरान आयी बाढ़ के बाद राज्य में हुए नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने आपदा राहत और पुनर्वास के लिए राज्य के लिए अतिरिक्त धनराशि की भी मांग की।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) में राज्य के पास 12,589.59 करोड़ रुपये की पर्याप्त धनराशि है, जिसका उपयोग केंद्र सरकार के मानदंडों के अनुसार प्रभावित लोगों को राहत और तत्काल पुनर्वास के लिए किया जा सकता है।

केंद्र सरकार ने राज्य में हाल ही में आयी बाढ़ के दौरान खोज, बचाव और तत्काल पुनर्वास के लिए राज्य प्रशासन को केंद्रीय एजेंसियों से हर संभव सहायता प्रदान की है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौ सितंबर को पंजाब का दौरा किया था और राज्य में बाढ़ की स्थिति और नुकसान की समीक्षा की थी। प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1,600 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता में से, 805 करोड़ रुपये (एनएचएआई द्वारा स्वीकृत 170 करोड़ सहित) विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत राज्य सरकार/लाभार्थियों को पहले ही जारी किए जा चुके हैं और शेष राशि राज्य से प्रासंगिक जानकारी प्राप्त होने पर जारी की जायेगी।

इसके अलावा, पंजाब से ज्ञापन प्राप्त होने की प्रतीक्षा किये बिना एक सितम्बर को एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (आईएमसीटी) का गठन किया गया। केंद्रीय दल ने राज्य में नुकसान का मौके पर आकलन करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। राज्य सरकार ने हालांकि अभी तक विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत नहीं किया है। ज्ञापन प्राप्त होने के बाद, केंद्र सरकार अनुमोदित मानदंडों के अनुसार उस पर विचार करेगी।

 

Next Post

दिल्ली में भाजपा के शासन में बढ़ रहे हैं अपराध : आप

Tue Sep 30 , 2025
नयी दिल्ली, 30 सितंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की 2023 की रिपोर्ट से साफ है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज में सिर्फ अपराध बढ़ रहे हैं। आप के वरिष्ठ नेता और विधायक कुलदीप कुमार ने मंगलवार को कहा कि […]

You May Like

Play sound