राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर बैतूल तैयार, आध्यात्मिक महासम्मेलन 18 को

बैतूल। आगामी 18 जून को बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित होने जा रहे भव्य आध्यात्मिक महासम्मेलन की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। ब्रह्माकुमारीज़ संस्था द्वारा आयोजित “आध्यात्मिक जागृति द्वारा आदिवासी समाज का सशक्तिकरण” विषयक इस विशेष कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

पत्रकार वार्ता में ब्रह्माकुमारीज़ के वरिष्ठ प्रतिनिधि डॉ. नथमल भाई ने बताया कि कार्यक्रम स्थल को सुरक्षा और व्यवस्थाओं की दृष्टि से पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। समारोह में आदिवासी समाज द्वारा स्वागत गीत एवं पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी, वहीं राष्ट्रपति अपने आध्यात्मिक अनुभव भी साझा करेंगी। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों को पूर्व पंजीकरण के आधार पर निशुल्क प्रवेश पास जारी किए गए हैं। आधार और मोबाइल नंबर के माध्यम से सत्यापित पास ही मान्य होंगे।

आयोजन स्थल पर वीआईपी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, ब्रह्माकुमारी परिवार तथा आदिवासी समाज के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था की गई है। आम नागरिकों को गेट क्रमांक 3 और 4 से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि वीआईपी अतिथि गेट क्रमांक 2 तथा राष्ट्रपति गेट क्रमांक 1 से प्रवेश करेंगी।

माउंट आबू से आईं डॉ. लीना बहन ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन का श्रेय बैतूल सेवा केंद्र प्रभारी मंजू दीदी के संकल्प और प्रयासों को जाता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री डी.डी. उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे बैतूल जिले में उत्साह का माहौल है। नगर के प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थल को आकर्षक सजावट से सजाया गया है। यह कार्यक्रम बैतूल के इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ने वाला साबित होगा।

Next Post

​मीनाक्षी का नामांकन रद्द होने पर अशोकनगर में बवाल, कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजी RSS की ड्रेस

Tue Jun 16 , 2026
अशोकनगर। राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद जिले में सियासी पारा गरमा गया है। जहां एक दिन पहले यूथ कांग्रेस द्वारा गांधी पार्क पर विरोध प्रदर्शन किया गया था, तो वहीं मंगलवार को इसके विरोध में कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं […]

You May Like