इंदौर: पालदा से आरटीओ कार्यालय और बायपास को जोड़ने वाली सड़क का काम जल्दी ही शुरू होगा. यह सड़क 4.5 किलोमीटर लंबी है. उक्त सड़क पर 25 से ज्यादा कॉलोनी और नायता मुंडला गांव एवं बड़ा औद्योगिक क्षेत्र भी है. उक्त सड़क फोर लेन बनने वाली थी, लेकिन अभी यह दो लेन चौड़ी ही बनेगी. इसका काम करीब 6 से 8 माह में पूरा होगा.
तीन इमली चौराहे से पालदा तिराहे होते हुए नए आरटीओ ऑफिस और आगे बायपास को जोड़ने वाली सड़क निर्माण की लाइन डालने का काम शुरू कर दिया है. यह सड़क पीडब्ल्यूडी बना रहा है और इसका ठेका गुप्ता कंस्ट्रक्शन को दिया गया है. बताया जाता है कि सड़क निर्माण लागत 8 करोड़ रुपए होगी और यह 25 फीट चौड़ी बनेगी. पहले यह चार लेन सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था. अब यह दो लेन बन रही है.
बजट की कमी
सूत्रों के अनुसार इसका कारण यह है कि विभाग के पास बजट की कमी है। वैसे ऐसा भी कहा जा रहा है कि उक्त सड़क के लिए विधायक मधु वर्मा ने भोपाल में विशेष रुचि लेकर सड़क की राशि मंजूर कारवाई है. चार लेन की जगह दो लेन सड़क पर ही सहमति हुई , ताकि क्षेत्र की जनता को गड्ढों से राहत मिल सके.
एक महीने में शुरू होगा निर्माण कार्य
विधायक मधु वर्मा ने बताया कि उक्त सड़क के लिए 8 करोड़ रुपए राशि मंजूर करवाई है. वैसे मैंने भोपाल से दो सड़क की मंजूरी ली है. पालदा तिराहे से बायपास आरटीओ को जोड़ने वाली सड़क 25 फीट एक तरफ की बनेगी. फिर बाद में दूसरी तरफ की बनाएंगे. करीब एक महीने में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा.
