
झाबुआ. मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को डीआरपी लाइन सामुदायिक भवन झाबुआ में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं कन्या पूजन के साथ हुआ। इस दौरान छात्राओं ने वंदे मातरम् एवं मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि मंत्री निर्मला भूरिया ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अपनी स्थापना के 70 वर्ष पूर्ण कर 71वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। प्रदेश ने बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा किसानों को कम पानी वाली फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी भारत सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया एवं पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर ने भी संबोधित किया।
समारोह में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया। लोकतंत्र सेनानी विमलचंद्र काठी एवं शहीद की पत्नी सरला शुक्ला का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेता नरेंद्र पोरवाल को ट्रैक्टर, अरुण बारिया को बुलेट मोटरसाइकिल तथा मोती मेड़ा को ई-स्कूटी प्रदान की गई। वहीं श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के तहत अजय नायक एवं लोकेश मेड़ा को एक-एक लाख रुपये एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रदेश की कला एवं संस्कृति की झलक दिखाई। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
