चार हजार रुपए लेकर बैंक खाता और सिम सौंपा, पांच राज्यों की साइबर ठगी में इस्तेमाल हुआ म्यूल अकाउंट

इंदौर. चार हजार रुपए के लालच में बैंक खाता, उससे जुड़ी रजिस्टर्ड सिम और बैंकिंग किट दूसरे व्यक्ति को सौंपना खाताधारक को भारी पड़ गया. बैंक ऑफ महाराष्ट्र का यह खाता तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा मिला है. क्राइम ब्रांच ने जांच के बाद खाताधारक और खाते का वास्तविक संचालन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है.

क्राइम ब्रांच ऑपरेशन मैट्रिक्स-2 के तहत साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल बैंक खातों की जांच कर रही थी. इसी दौरान राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से मिले पत्र और गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर आई-फोर-सी एनसीआरपी तथा साइबर क्राइम पोर्टल से मिले इनपुट के आधार पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एक संदिग्ध खाते की पड़ताल की गई. जांच में खाते का धारक आनंद चौरसिया, निवासी नंदा नगर, इंदौर मिला.पूछताछ और उपलब्ध जानकारी के आधार पर सामने आया कि आनंद ने विशाल शेखावत के कहने पर बैंक खाता खुलवाया था. खाते के लिए रजिस्टर्ड सिम भी विशाल ने ही उपलब्ध कराई थी. बाद में आनंद ने चार हजार रुपए लेकर खाते की रजिस्टर्ड सिम, बैंकिंग किट और खाते का संचालन विशाल को सौंप दिया. इसके बाद खाते का वास्तविक उपयोग विशाल ही कर रहा था. साइबर क्राइम पोर्टल और समन्वय इनपुट की जांच में इस खाते के खिलाफ पांच राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिलीं. इनमें तमिलनाडु के मदुरै सिटी के के. पुदुर थाने, दिल्ली के साउथ डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस स्टेशन, गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के वाधवान थाने, महाराष्ट्र के मुंबई स्थित नेहरू नगर थाने और तेलंगाना के हैदराबाद स्थित बोराबांडा थाने की शिकायतें शामिल हैं. जांच में खाताधारक आनंद चौरसिया और खाते का वास्तविक उपयोग करने वाले विशाल शेखावत की भूमिका सामने आने पर क्राइम ब्रांच थाने में दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस अब खाते के जरिए हुए संदिग्ध वित्तीय लेन-देन, पांच राज्यों में दर्ज शिकायतों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. खाते उपलब्ध कराने वाले दूसरे लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि ऑपरेशन मैट्रिक्स-2 के तहत साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल बैंक खातों की जांच की जा रही है. इसी क्रम में बैंक खाते के खाताधारक और वास्तविक संचालक की भूमिका सामने आने पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है. इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

दीपावली से पहले इंदौर पुलिस अलर्ट, हॉट स्पॉट क्षेत्रों में पैदल गश्त और सघन चेकिंग

Sun Nov 1 , 2026
इंदौर. दीपावली पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर पुलिस ने शहरभर में विशेष सुरक्षा अभियान शुरू किया है. सभी पुलिस जोन में थाना टीमों को पैदल गश्त और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं. पुलिस की नजर खास तौर पर अवैध पटाखों के […]

You May Like