
इंदौर. दीपावली पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर पुलिस ने शहरभर में विशेष सुरक्षा अभियान शुरू किया है. सभी पुलिस जोन में थाना टीमों को पैदल गश्त और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं. पुलिस की नजर खास तौर पर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के साथ प्रतिबंधित कार्बाइड गन के कारोबार पर है.
अभियान के तहत सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने पैदल भ्रमण कर संवेदनशील और हॉट स्पॉट क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जांच की. आगामी त्योहार को देखते हुए पटाखों के अवैध भंडारण, बिक्री और कार्बाइड गन के उपयोग पर भी निगरानी रखी जा रही है. पुलिस ऐसे लोगों की जानकारी जुटा रही है, जो बिना अनुमति विस्फोटक सामग्री का कारोबार कर रहे हैं. गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में रहवासियों के साथ मोहल्ला बैठकें भी कीं. इनमें लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया, साथ ही त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई. पुलिस ने रहवासियों को कार्बाइड गन जैसी प्रतिबंधित और खतरनाक सामग्री का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी है. इसके क्रय-विक्रय और भंडारण से भी दूर रहने को कहा है. मामले में डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर शहर के सभी जोन में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस टीमें पैदल गश्त और चेकिंग के साथ मोहल्ला बैठकों के जरिए लोगों को जागरूक कर रही हैं. प्रतिबंधित सामग्री के अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
