
इंदौर. केवी रोड पर ब्राउन शुगर लेकर खड़े एक युवक को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है. तलाशी में उसकी स्कूटर की डिक्की से 14 ग्राम ब्राउन शुगर मिली, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपए बताई है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल स्कूटर भी जब्त किया है. जब्त मादक पदार्थ और स्कूटर की कीमत 2 लाख 40 हजार रुपए है.
कार्रवाई शनिवार की रात को संमति हायर सेकेंडरी स्कूल के पास की गई. क्राइम ब्रांच की टीम संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान नीले रंग की सुजुकी एक्सेस स्कूटर के साथ खड़ा एक युवक पुलिस को देखकर घबराने लगा. संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया, पूछताछ में उसकी पहचान नीरज राजपूत उम्र 30 साल के रूप में हुई. वह आजाद नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और कैटरिंग का काम करता है. स्कूटर की डिक्की की तलाशी लेने पर उसमें रखी थैली से 14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. पुलिस अब उससे मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लायर के बारे में पूछताछ कर रही है. उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है. पुलिस के रिकॉर्ड में नीरज के खिलाफ पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें एनडीपीएस एक्ट, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट से जुड़े मामले शामिल हैं. उस पर वर्ष 2020 में कनाड़िया और राजेंद्र नगर थाने में भी एनडीपीएस के मामले दर्ज हुए थे. इसके अलावा आजाद नगर थाने में वर्ष 2023 और 2025 में भी मादक पदार्थों से जुड़े केस दर्ज किए थे. मामले में डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 14 ग्राम ब्राउन शुगर और तस्करी में इस्तेमाल स्कूटर जब्त किया है. उससे मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
