हरारे 18 जुलाई (वार्ता) मैट हेनरी (तीन विकेट) के बाद डेवोन कॉन्वे (नाबाद 59 ) की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को टी-20 त्रिकोणीय सीरीज के तीसरे मुकाबले में 37 गेंदे शेष रहते जिम्बाब्वे को आठ विकेट से हरा दिया।
121 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और उसने दूसरे ही ओवर में टिम सीफर्ट (पांच) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये रचिन रविंद्र ने मोर्चा संभाला। उन्होंने डेवोन कॉन्वे के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की। नौवें ओवर में टी मपोसा ने रचिन रविंद्र को आउटकर जिम्बाब्वे को दूसरी सफलता दिलाई। रचिन ने 19 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाये। इसके बाद डैरिल मिचेल 19 गेंदों में (नाबाद 26) और डेवोन कॉन्वे 40 गेंदों में (नाबाद 59) की जोड़ी ने और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। न्यूजीलैंड ने 13.5 ओवर में दो विकेट पर 122 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया।
जिम्बाब्वे की ओर से टी मपोसा और ब्लेसिंग मुजारबानी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 120 रन का स्कोर बनाया। जिम्बाब्वे के लिए वेस्ली मधेवेरे और ब्रायन बेनेट की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिये 37 रन जोडे़। छठे ओवर में मैट हेनरी ने ब्रायन बेनेट (21) को आउटकर न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये क्लाइव मडांडे ने वेस्ली के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया।
10वें ओवर में रचिन ने उन्हें आठ रन पर स्टंप आउट कराकर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे जिम्बाब्वे का कोई भी बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सका। वेस्ली मधेवेरे ने जिम्बाब्वे के लिए 32 गेंदों में 36 रनों की पारी खेली। सिकंदर रजा और रायन बर्ल ने (12-12) रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने 26 रन देकर तीन विकेट लिये। ऐडम मिल्न, मिचेल सैंटनर, माइकल ब्रेसबेल और रचिन रवींद्र ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
