नारायणपुर, 18 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस और नक्सली के बीच चल रही मुठभेड़ में अब तक छह नक्सली मारे जा चुके हैं और घटनास्थल से हथियार भी बरामद किये गये है। नक्सलियों की शिनाख्त नहीं हो पायी है।
पुलिस द्वारा शुक्रवार को जारी एक विज्ञपित के अनुसार अबूझमाड़ के इलाके में नक्सलियों के होने की सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम गश्त पर निकली, दोपहर में रूक-रूक कर लगातार गोलीबारी हो रही थी और खोज अभियान के दौरान मुठभेड़ स्थल से छह माओवादियों का शव बरामद किया गया। घटनास्थल से एके 47, एसएलआर रायफल सहित कई हथियार बरामद किए गए।
पुलिस ने कहा कि अभियान अभी जारी है और सुरक्षा कारणों से अधिक जानकारी नहीं दी जा सकती है लेकिन अभियान पूरा होने बाद विस्तृत जानकारी दी जायेगी।
