
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे और जनहित से संबंधित समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
मंत्री दिलीप अहिरवार ने प्राप्त शिकायतों और मांगों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र निराकरण के लिए भेजा गया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सभी जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। साथ ही कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और प्रत्येक मामले का गंभीरता से निराकरण किया जाएगा।
