
छतरपुर। कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक समग्र शिक्षा पार्थ जैसवाल के निर्देश पर जिले में संचालित ‘स्कूल चले हम’ अभियान के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही बच्चों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रोत्साहित किया।
अभियान के तहत संयुक्त कलेक्टर अंजलि द्विवेदी ने शासकीय उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-1 एवं प्राथमिक शाला गढ़ीमलहरा, पीओ डूडा साजिदा कुरेशी ने नौगांव के उत्कृष्ट उमावि, सीईओ प्रभास घनघोरिया सहित अन्य अधिकारियों ने निर्धारित विद्यालयों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन समितियों के साथ बैठक कर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
‘स्कूल चले हम’ अभियान के माध्यम से विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
