नीट रद्द होने के विरोध में सड़कों पर उतरे छात्र, न्यायिक जांच की मांग; पुतला दहन

भोपाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) रद्द होने और कथित पेपर लीक के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने मंगलवार को भोपाल में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के अध्यक्ष प्रदीप जोशी के पुतले दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व मध्यप्रदेश एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएं और नीट अभ्यर्थी शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि देश भर में हर वर्ष लगभग 30 लाख विद्यार्थी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन लगातार पेपर लीक और परीक्षा निरस्तीकरण की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ रहा है। छात्रों ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से मेधावी अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सभा को संबोधित करते हुए रवि परमार ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी नीट परीक्षा पेपर लीक के आरोपों से घिर गई है, जिससे लाखों विद्यार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक समिति गठित करने की मांग की।

एनएसयूआई भोपाल जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने आरोप लगाया कि “शिक्षा माफिया” धनाढ्य अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने के लिए लगातार पेपर लीक करवा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा निरस्त होने से विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है, जो पूरे वर्ष मेहनत करते हैं।

प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष लकी चौबे, अमित हटिया, अनिमेष गोंडली, एनएसयूआई कार्यकर्ता, कोचिंग छात्र और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Next Post

शी जिनपिंग से मुलाकात में ट्रंप व्यापार, ईरान और ताइवान पर करेंगे बातचीत

Tue May 12 , 2026
वॉशिंगटन/बीजिंग, 12 मई (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के लिए बीजिंग रवाना हो गए हैं, जहां दोनों वैश्विक नेता व्यापार, युद्ध कूटनीति और ताइवान पर गंभीर चर्चा करेंगे। श्री ट्रंप का 2017 के बाद यह पूर्वी एशियाई देश का पहला दौरा है । इस […]

You May Like