सराफा बाजार-अंबेडकर चौक में सघन जांच, नियम तोड़ने वालों के कटे चालान

सिंगरौली। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु और जाममुक्त बनाए रखने के लिए गुरुवार को यातायात पुलिस ने ऑटो वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में सराफा बाजार, अंबेडकर चौक सहित शहर के प्रमुख भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ऑटो वाहनों की सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान ऑटो चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, फिटनेस, बीमा, वाहन संबंधी दस्तावेज तथा निर्धारित क्षमता के अनुरूप सवारी बैठाने की जांच की गई। वहीं मुख्य मार्गों, चौराहों और बाजार क्षेत्रों में अव्यवस्थित ढंग से खड़े ऑटो वाहनों को चिह्नित कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे मनमाने ढंग से ऑटो खड़ा करने से जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।

यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को हिदायत दी कि यात्रियों को बीच सड़क या व्यस्त चौराहों पर चढ़ाने-उतारने के बजाय केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। साथ ही वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध पार्किंग, बिना वैध दस्तावेज वाहन संचालन और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अनुशासित यातायात व्यवस्था सभी की जिम्मेदारी है और इसके पालन से ही शहर को सुरक्षित एवं जाममुक्त बनाया जा सकता है।

Next Post

देवासरोड पर दो थाना क्षेत्र के बीच 11 घंटे में हुई दो सडक़ दुर्घटना में दो लोगों की मौत

Thu Jul 23 , 2026
उज्जैन। देवासरोड पर दो थाना क्षेत्र के बीच 11 घंटे में हुई दो सडक़ दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। पहली दुर्घटना सुबह 11.30 बजे हुई दूसरी दुर्घटना रात 9.30 बजे होना सामने आई है। रात में हुई दुर्घटना में मृतक युवक किराना दुकान संचालक था जिसका गुरुवार […]

You May Like