चलती ट्रेनों में यात्रियों के बैग साफ करने वाला अंतर्राज्यीय गैंग बेनकाब

इंदौर:ट्रेन के जनरल कोच में यात्रियों के बीच बैठकर पलक झपकते ही बैग की चेन खोलकर लाखों के जेवर पार करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का जीआरपी ने पर्दाफाश किया है. मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान की ट्रेनों में सक्रिय इस गैंग के सरगना समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से करीब 15 लाख रुपए कीमत के 100 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण बरामद हुए हैं, जबकि चोरी का कुछ माल उत्तरप्रदेश में बेचे जाने की जानकारी मिली है. मामले का खुलासा बीना ग्वालियर पैसेंजर में हुई एक वारदात की जांच के दौरान हुआ. अशोकनगर निवासी एक यात्री के ट्रॉली बैग से सफर के दौरान सोने चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे. इसके बाद गठित विशेष जांच दल ने तकनीकी साक्ष्यों और करीब 250 सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर गिरोह की पहचान की.

पुलिस की टीम ने मध्यप्रदेश के साथ उत्तरप्रदेश के हाथरस, एटा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा और कासगंज में दबिश देकर गैंग के सरगना राजकुमार सिंह यादव सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने ट्रेनों में चोरी की कई वारदातें कबूल की हैं. उनकी निशानदेही पर सोने का हार, चेन, कंगन और अंगूठियां बरामद की गई हैं. जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के दो सदस्यों ने ग्वालियर बीना पैसेंजर में एक महिला का पर्स भी चुराया था. इस मामले में चोरी गया मंगलसूत्र और सोने के मोती भी बरामद कर लिए हैं.

अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है
ट्रेनों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष जांच दल गठित किया था. तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार की गई पतारसी के आधार पर अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में कई अन्य वारदातों के सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (रेल), हेमंत चौहान

Next Post

नहर किनारे खेत में मिला सपेरा समुदाय के व्यक्ति का शव

Mon Jul 13 , 2026
छतरपुर: जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के जैतूपुरा गांव के पास नहर किनारे स्थित एक खेत में सपेरा समुदाय से जुड़े एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद ईशानगर थाना पुलिस तत्काल […]

You May Like