
नीमच। ढोल की थाप, डीजे पर गूंजते भक्ति गीत, चारों ओर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे और आकर्षक रोशनी से सजे गणेश पंडाल… गणेश चतुर्थी पर सोमवार को नीमच शहर सहित पूरे जिले में ऐसा ही भक्तिमय नजारा देखने को मिला। सुबह से ही शुभ मुहूर्त में गणपति स्थापना का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक गणेशोत्सव की धूम नजर आई।
घरों से लेकर सार्वजनिक पंडालों तक विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाएं विराजित की गईं। कई स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं को ढोल-ढमाकों और डीजे के साथ चल समारोह के रूप में पंडालों तक ले जाया गया। बड़ी संख्या में युवा और श्रद्धालु इन चल समारोह में शामिल हुए और गणपति बप्पा के जयकारों के साथ उत्सव का आनंद लेते नजर आए।
शहर के प्रमुख मार्गों और गणेश पंडालों को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से सजाया गया है। कई पंडालों को महलों की तर्ज पर भव्य रूप दिया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। गणपति स्थापना के दौरान घरों और पंडालों में आरती एवं गणेश वंदना हुई। देर शाम विभिन्न स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक झांकियों और प्रसाद वितरण के आयोजन भी किए गए। जिले के ग्रामीण अंचलों में भी गणेश चतुर्थी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न गणेश उत्सव समितियों ने आगामी दिनों के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां की हैं। गणेश चतुर्थी के साथ शुरू हुआ यह उत्सव अब अगले 10 दिनों तक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ जारी रहेगा।
