वाराणसी, 25 जून (वार्ता) नागरिक उड्डयन के. राम मोहन नायडू ने गुरुवार को हब एवं स्पोक मॉडल के तहत वाराणसी हवाई अड्डे से इजी कनेक्ट उड़ानों की शुरुआत की।
श्री नायडू ने इस मौके पर कहा कि इससे छोटे शहरों से विदेश जाने वाले यात्रियों को बड़े हवाई अड्डे पर पहुंचकर फिर से चेक-इन, प्रवेश आदि की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में छह और शहरों से इस तरह की शुरुआत की जायेगी।
विमानन क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र सरकार की हब एंड स्पोक मॉडल को बढ़ावा देने की योजना के तहत ईजी कनेक्ट उड़ान की शुरुआत की गयी है। इसके तहत वाराणसी का बाबतपुर हवाई अड्डा एक स्पोक की तरह काम करेगा जबकि दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा हब की तरह होगा।
एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैम्पबेल विल्सन ने कहा कि इस मॉडल के तहत यात्री वाराणसी हवाई अड्डे पर ही चेक-इन और आव्रजन की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे। अब वे एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई1111 से वाराणसी से दिल्ली पहुंचकर सीधे संबंधित अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में सवार हो सकेंगे।
वे ट्रांजिट यात्री की तरह बिना एक्जिट किए अंदर ही अंदर अंतरराष्ट्रीय उड़ान में सवार हो सकेंगे। उनका चेक-इन सामान भी एयर इंडिया द्वारा संबंधित उड़ानों में रखवा दिया जायेगा। बाद में दूसरे शहरों में भी इस मॉडल का विस्तार किया जायेगा।
एआई1111 रोजाना सुबह 9.50 बजे वाराणसी से रवाना होगी और 11 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसके चार घंटे के भीतर दिल्ली से विभिन्न गंतव्यों के लिए 17 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें उपलब्ध होंगी।
