जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत मवेशी बाजार पड़ाव में एक 62 वर्षीय बुजुर्ग एक गाय को बांधकर लाठी से बेरहमी से पीट रहा था। जब युवाओं ने बेजुबान की जान बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें सरेआम जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुनानक वार्ड पनागर निवासी प्रकाश बर्मन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात वह अपने दोस्त अरुण पटेल, शिवम कुशवाहा और राज गोटिया के साथ पुरानी मवेशी बाजार के पास खड़ा था। इसी दौरान उनकी नजर मवेशी बाजार के बरामदे पड़ाव पर पड़ी, जहाँ एक शहीद खान एक गाय को खूंटे से बांधकर लाठी से ताबड़तोड़ पीट रहा था।
गाय दर्द से कराह रही थी, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा। गाय को तड़पता देख चारों दोस्त तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी को रोका। टोकने पर आरोपी भडक गया,आरोपी ने गाय को छोड़ युवाओं से ही विवाद करना शुरू कर दिया। उसने धमकी दी कि मेरे मैटर में मत पड़ो, नहीं तो एक-एक को यहीं निपटा दूंगा। युवाओं ने जबरन गाय को शहीद खान के चंगुल से मुक्त कराया। गाय की हालत देख युवक उसे तुरंत वेटनरी अस्पताल पनागर लेकर गए, जहाँ डॉक्टर ने बेजुबान का इलाज किया। पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
