
श्योपुर। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चार दिवसीय कांवड़ यात्रा के समापन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने छिमछिमा हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा से स्वागत किया तथा भंडारे में प्रसादी ग्रहण की।
विधानसभा अध्यक्ष का विजयपुर आगमन पूर्व कैबिनेट मंत्री रामनिवास रावत के साथ हुआ। मंदिर प्रांगण में धार्मिक श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना के बाद महंत द्वारा तोमर का पुष्पमाला से अभिनंदन किया गया।
तोमर ने अपने संबोधन में कहा, “यह कांवड़ यात्रा श्रद्धा, सेवा और संस्कार का संगम है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से युवाओं में सनातन धर्म के प्रति आस्था जागती है और समाज सही दिशा की ओर प्रेरित होता है।”
इसके पश्चात विधानसभा अध्यक्ष चमचमा हनुमान मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे, जहां उन्होंने भागवताचार्य कपिल कृष्ण महाराज का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया एवं व्यासपीठ की पूजा की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक जैन, अशोक जादौन, भाजपा जिला महामंत्री रविंद्र सिंह जादौन गुड्डा सहित अनेक भाजपा नेता उपस्थित रहे।
