नयी दिल्ली, 23 जुलाई (वार्ता) खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय 25 से 28 सितंबर तक राजधानी के मंडपम में ‘वर्ल्ड फ़ूड इंडिया’ के चौथे संस्करण की मेज़बानी करने जा रहा है।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार को यहां विशेष कार्यक्रम में इस विशाल आयोजन के लिए प्रचार ब्रोशर, वेबसाइट और ऐप का अनावरण किया।
श्री पासवान ने ज़ोर दिया कि वर्ल्ड फ़ूड इंडिया महज़ एक व्यापार मेला नहीं है, बल्कि एक परिवर्तनकारी मंच है जिसका उद्देश्य भारत को खाद्य नवाचार, निवेश और स्थिरता के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि कि वर्ल्ड फ़ूड इंडिया का चौथा संस्करण अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा, जिसमें 90 से ज़्यादा देशों, 2,000 से ज़्यादा प्रदर्शकों और खेत से लेकर खाने तक की पूरी खाद्य मूल्य श्रृंखला से जुड़े हज़ारों हितधारकों के शामिल होने की उम्मीद है।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सचिव अविनाश जोशी ने सकल मूल्य संवर्धन (जीवीए) में इस क्षेत्र के महत्वपूर्ण योगदान और दूध, बाजरा तथा दालों के प्रसंस्करण में इसके नेतृत्व पर प्रकाश डाला।
