नयी दिल्ली, 21 जुलाई (वार्ता) लोकसभा में मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को पहलगाम आतंकवादी हमले, अहमदाबाद विमान दुर्घटना, विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वाले तथा हाल में दिवंगत हुए सदन के पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरु होते ही सदन के हाल में दिवंगत हुए पूर्व सदस्यों के साथ ही पहलगाम आतंकवादी हमले तथा अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना और बाढ़, भूस्खलन तथा भारी बारिश के कारण मारे गये लोगों के बारे में भी जानकारी दी और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने हाल में दिवंगत हुए लोकसभा के पूर्व सदस्यों की जानकारी देते हुए बताया कि श्री किशन कपूर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से सत्रहवीं लोकसभा के सदस्य थे। वह पांच बार हिमाचल प्रदेश विधान सभा के सदस्य और राज्य सरकार में मंत्री रहे। उनका एक फरवरी को 73 वर्ष की उम्र मे निधन हुआ। श्री भगत राम, पंजाब के फिलौर संसदीय क्षेत्र से छठी लोकसभा के सदस्य थे। उनका 30 मार्च को 82 वर्ष की आयु में कनाडा में निधन हुआ था। श्री कुमारी अनंथन तमिलनाडु के नगरकोल संसदीय क्षेत्र से छठी लोक सभा के सदस्य थे। श्री अनंथन एक लेखक भी थे और उन्होंने तमिल भाषा में कई पुस्तकें लिखी। उनका 09 अप्रैल को 92 वर्ष की आयु में निधन हुआ। डॉ. सुश्री गिरिजा व्यास राजस्थान के उदयपुर संसदीय क्षेत्र से दसवीं, ग्यारहवीं एवं तेरहवीं लोक सभा तथा चित्तौड़गढ़ से 15वीं लोक सभा की सदस्य थीं।
डॉ. व्यास ने केंद्र में आवास और शहरी तथा सूचना प्रसारण मंत्री रहीं। विभिन्न संसदीय समितियों की सभापति तथा सदस्य रही डॉ. व्यास राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष भी रहीं। वह राजस्थान विधान सभा की सदस्य और मंत्री भी रहीं। डॉ. व्यास का एक मई को 78 साल की उम्र में निधन हुआ। श्रीमती मिनाती सेन, पश्चिम बंगाल के जलपाई-गुड़ी संसदीय क्षेत्र से बारहवीं, तेरहवीं और चौदहवीं लोक सभा की सदस्य रहीं और उनका तीन मई को 81 वर्ष की उम्र में निधन हुआ। श्री सुखदेव सिंह ढींढसा, पंजाब के संगरूर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से चौदहवीं लोक सभा के सदस्य थे। वह वे राज्य सभा सदस्य भी रहे। केंद्र सरकार में मंत्री रहे श्री ढींढसा का 89 साल की उम्र में 28 मई को निधन हुआ। श्री छोटे सिंह यादव, उत्तर प्रदेश के कन्नौज संसदीय क्षेत्र से सातवीं और नौवीं तथा मोहनलालगंज संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से दसवीं लोक सभा के सदस्य थे। श्री यादव का 13 जून को 83 साल की उम्र में निधन हुआ। श्री आनंद सिंह उत्तर प्रदेश के गोण्डा संसदीय क्षेत्र से पांचवी, सातवीं, आठवीं और नौवीं लोक सभा के सदस्य थे। श्री सिंह का 86 साल की उम्र में 06 जुलाई को निधन हुआ।
लोकसभा अध्यक्ष ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 निर्दोष व्यक्तियों की नृशंस हत्या पर भी शोक व्यक्त किया और कहा कि आतंकवादी की इस घटना ने देश ही नहीं पूरे विश्व की चेतना को आघात पहुंचाया है। सभा उन सभी मृतकों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करती है तथा आतंकवाद के विरुद्ध भारत के ‘जीरो टॉलरेंस’ के संकल्प को दोहराती है।
उन्होंने 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दुर्घटना में 260 व्यक्तियों की असामयिक मृत्यु हो गयी, जिनमें विमान में सवार 241 व्यक्ति और 19 अन्य व्यक्ति शामिल हैं। दुर्घटना में गुजरात राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जी का भी असामयिक निधन हो गया। सभा दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती है।
सदन ने देश के विभिन्न हिस्सों में अतिवृष्टि, बाढ़, भूस्खलन, आदि प्राकृतिक आपदाओं के कारण बड़ी संख्या में जान-माल की हानि पर भी शोक जताया और पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
