नयी दिल्ली, 19 जुलाई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि मंडियों के रखरखाव और आधुनिकीकरण के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
श्रीमती गुप्ता ने राजधानी की सभी प्रमुख मंडियों के सुगठित प्रबंधन, रखरखाव एवं सुधार को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हमारी सरकार मंडियों के कायाकल्प को लेकर बेहद गंभीर है। हम चाहते हैं कि इनका परिचालन आधुनिक मंडियों की तरह हो और यहां के दुकानदारों, फसल बेचने वालों और आम लोगों को वे सुविधाएं मिलें जो एक आधुनिक मंडी में होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन मंडियों में हरित कूड़ा एवं आवारा जानवर सबसे अधिक परेशानी का कारण हैं। इसके लिए मंडियों के आसपास ही कूड़े के निपटाने के लिए आधुनिक प्लांट लगाएं जाएंगे ताकि उनका दोबारा उपयोग हो सके। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि वे इस तरह के वेस्ट प्लांटों को लगाने के लिए जमीन की तलाश करें और कोई समस्या हो तो हमें बताएं, हम जमीन की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि मंडी में विचरण करते आवारा जानवरों को नियंत्रण करने के लिए दिल्ली नगर निगम की सहायता ली जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार किसानों, लघु व्यापारियों और उपभोक्ताओं को एक समृद्ध, सुव्यवस्थित व जिम्मेदार मंडी प्रबंधन प्रणाली प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि ये मंडियां केवल व्यापारिक केंद्र नहीं, बल्कि दिल्ली एवं सीमावर्ती राज्यों के कृषक समुदाय के जीविकोपार्जन का आधार भी बनी रहें।
