‘हमारा सफर अभी शुरू ही हुआ है’, आंध्र प्रदेश में प्लांट लगाने के आमंत्रण पर बोले आनंद महिंद्रा

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (वार्ता) आंध्र प्रदेश के मंत्री और सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (तेदपा) के महासचिव नारा लोकेश के राज्य में ऑटोमोबाइल प्लांट लगाने के आमंत्रण पर महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने शनिवार को कहा कि उन्हें ऐसा करके गर्व होगा।
श्री महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नारा लोकेश के एक पोस्ट के शेयर करते हुए लिखा, “आपका धन्यवाद। आंध्र प्रदेश में कई अवसर हैं। आंध्र प्रदेश की यात्रा में सहभागी बनकर हम गौरवान्वित होंगे। हमारी टीमें सौर ऊर्जा से लेकर माइक्रो इरिगेशन तक, और निस्संदेह पर्यटन समेत कई क्षेत्रों को लेकर बात कर रही हैं। हमारी यात्रा अभी शुरू ही हुई है…। देखते हैं भविष्य के गर्भ में क्या छिपा है।”
इससे पहले श्री लोकेश ने महिंद्रा के फ्यूरियो-8 ट्रक का एक वीडियो विज्ञापन शेयर करते हुए आनंद महिंद्रा को आंध्र प्रदेश में निवेश का आमंत्रण दिया था। यह विज्ञापन खुद आनंद महिंद्रा के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया था और तेलुगु में था।
तेदपा के महासचिव ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें तेलुगु विज्ञापन पसंद आया। उन्होंने लिखा, “आपके वाहनों के लिए आंध्र प्रदेश एक बड़ा बाजार है और मुझे यकीन है कि विज्ञापन को लोग पसंद करेंगे। आप हमारे आधुनिक ऑटोमोटिव इकोसिस्टम और बड़े बाजार का लाभ उठाकर आंध्र प्रदेश में महिंद्रा विनिर्माण संयंत्र लगाने पर विचार क्यों नहीं करते। हमें आपकी टीम का स्वागत करके और यहां उपलब्ध प्रचुर अवसरों के बारे में बताते हुए खुशी होगी।”

Next Post

जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स का आईपीओ 23 जुलाई को खुलेगा

Sat Jul 19 , 2025
अहमदाबाद, 19 जुलाई (वार्ता) जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 23 जुलाई को खुलेगा। कंपनी की ओर से शनिवार को यहां जारी बयान में कहा है कि जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड बुधवार को इक्विटी शेयरों के अपने आईपीओ के संबंध में प्रस्ताव खोलेगी। एंकर निवेशक प्रस्ताव खोलने की तिथि […]

You May Like

मनोरंजन